UP Board Result: आज जारी होगा यूपी बोर्ड का 10वीं और 12वीं का रिजल्ट

Madhuri Sonkar

यूपी बोर्ड के दसवीं और 12वीं का परिणाम आज जारी किया जाएगा। दोपहर दो बजे माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के सचिव दिब्यकांत शुक्ला प्रयागराज स्थित मुख्यालय में इसकी घोषणा करेंगे। इसके लिए तैयारी पूरी हो चुकी है।

यूपी बोर्ड की परीक्षा इस बार 22 फरवरी से शुरू होकर नौ मार्च तक चली थी। पूरी परीक्षा 12 दिन में करवा ली गई थी। उसके बाद प्रदेश भर में कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य 16 से 31 मार्च तक चला था। मूल्यांकन के दौरान एक शिक्षक की मौत से कुछ व्यवधान भी आया था।

इसके बावजूद मूल्यांकन प्रक्रिया नहीं रुकी। निर्धारित समय में मूल्यांकन पूरा होने के बाद परिणाम तैयार होने लगा। दो सप्ताह में परिणाम तैयार करने के बाद टाॅपर्स के अंकों को फिर से चेक किया।

रिजल्ट चेक होने की पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूपी बोर्ड के सचिव ने शासन को इसकी जानकारी दी। शासन से सहमति मिलते ही शनिवार को परिणाम जारी करने की घोषणा कर दी गई।

शैक्षणिक वर्ष 2023-24 में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 55,23,308 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इसमें से 10वीं के 29,47,311 और 12वीं के 25,77,997 छात्र शामिल थे। परीक्षा के दौरान 3,24,008 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी है।

बोर्ड के सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए कड़ी व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक केंद्र की निगरानी क्षेत्रीय कार्यालय और मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम से की जा रही थी।