कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत का आज शाम होगा अंतिम संस्कार, सदमें से दो फैंस की हुई मौत, एक ने की ख़ुदकुशी

कन्नड़ फिल्म अभिनेता पुनीत राजकुमार का शुक्रवार को निधन हो गया। पुनीत को जिम में वर्कआउट के दौरान दिल का दौरा पड़ा, जिसके तुरंत बाद उन्हें बेंगलुरु के विक्रम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत का आज शाम होगा अंतिम संस्कार, सदमें से दो फैंस की हुई मौत, एक ने की ख़ुदकुशी

कन्नड़ फिल्म अभिनेता पुनीत राजकुमार का शुक्रवार को निधन हो गया। पुनीत को जिम में वर्कआउट के दौरान दिल का दौरा पड़ा, जिसके तुरंत बाद उन्हें बेंगलुरु के विक्रम अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुनीत राजकुमार के पार्थिव शरीर को जनता के दर्शन के लिए कांतीरवा स्टेडियम में रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार आज शाम राजकीय सम्मान के साथ बेंगलुरु में ही किया जाएगा। पुनीत की बेटी वंदिता आज दोपहर तक अमेरिका से भारत पहुंचेंगी। वंदिता को दिल्ली से बेंगलुरु ले जाने के लिए स्टेट अथॉरिटी ने स्पेशल एयरक्राफ्ट की व्यवस्था की है।

पुनीत की मौत का सदमा प्रशंसक नहीं कर पा रहे बर्दाश्त, तीन की मौत

प्रशंसक पुनीत की मौत का गम बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। कर्नाटक के चामराजनगर जिले के हनूर तालुका के मारो गांव में, एक 30 वर्षीय व्यक्ति को खबर सुनते ही दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का नाम मुनियप्पा है जो पेशे से किसान था। वहीं बेलगावी के शिंदोली गांव में एक अन्य प्रशंसक की भी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टार की मौत की खबर आने के बाद कर्नाटक के बेलगावी जिले के अथानी के एक युवक ने आत्महत्या कर ली है।

अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगायी गयी धारा 144

पुनीत राजकुमार के निधन से पूरे कर्नाटक में शोक की लहर है। राज्य के सभी सिनेमाघर बंद कर दिए गए हैं। प्रशंसकों को नियंत्रित करने के लिए कई इलाकों में धारा 144 लागू कर दी गई है। कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई भी विक्रम अस्पताल पहुंचे। एहतियात के तौर पर बेंगलुरु में भी दो रात के लिए शराब की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

राजामौली और सूर्या ने रद्द किया कार्यक्रम

सूर्या की जय भीम ज्यूकबॉक्स लॉन्च और आरआरआर झलक रिलीज़, जो शनिवार को होने वाली थी, कन्नड़ अभिनेता पुनीत राजकुमार की मृत्यु के कारण स्थगित कर दी गई है। इतना ही नहीं उनके बड़े भाई शिव राजकुमार की फिल्म 'भजरंगी 2' के शो भी पूरे कर्नाटक में कैंसिल कर दिए गए हैं।

पुनीत की कुछ फिल्में रह गई अधूरी

पुनीत वर्तमान में चेतन कुमार द्वारा निर्देशित जेम्स की शूटिंग कर रहे थे। एक पूर्ण एक्शन एंटरटेनर के रूप में पहचाने जाने वाले, पुनीत ने शूटिंग का एक बड़ा हिस्सा पूरा कर लिया था। फिल्म में उनके अपोजिट प्रिया आनंद थीं। पुनीत को द्वित्व की शूटिंग भी करनी थी। इसे नवंबर या दिसंबर में फ्लोर पर जाना था। पवन कुमार के साथ यह उनका पहला कोलेबोरेशन था।

पुनीत का संतोष आनंदराम के साथ एक अनटाइटल्ड प्रोजेक्ट भी था। दोनों राजकुमार और युवरत्ना में साथ काम कर चुके हैं। इसके अलावा पुनीत के पास अपने होम बैनर तले पांच फिल्में भी हैं, जिन्हें उन्होंने प्रोड्यूस किया है।

Related Stories

No stories found.
logo
Since independence
hindi.sinceindependence.com