डेस्क न्यूज़- अजमेर जिले के पुष्कर के पास प्राचीन बैजनाथ महादेव शिव मंदिर की पहाड़ी पर 11 साल की बच्ची के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। जहां सोमवार को बकरी चराने गई बच्ची की रेप के बाद हत्या कर दी गई। पीड़िता की शिनाख्त नहीं होने के कारण बेरहमी से आरोपी ने उसका सिर पत्थरों से कुचल दिया। शव की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पुष्कर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले में पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
घटना बड़ा होकरा गांव की है। जहां सोमवार सुबह युवती बैजनाथ शिव मंदिर की पहाड़ी पर बकरियों को चराने गई थी। शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन परेशान हो गए। गांव वालों की मदद से उसने पहाड़ी और पास में लड़की की तलाश शुरू की। उसकी चप्पल और कुल्हाड़ी पहाड़ी पर मिली थी। रात करीब 12 बजे उसका शव अर्धनग्न अवस्था में झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुष्कर थाना प्रभारी राजेश मीणा, जिला परिषद सदस्य महेंद्र सिंह मजेवाला भी मौके पर पहुंचे। आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से सिर कुचलकर बच्ची की हत्या की गई है। हालांकि अभी तक रेप की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बच्ची का शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने से पुलिस ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने बाद में शव को पुष्कर अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पुष्कर अस्पताल पहुंचे। यहां अस्पताल के बाहर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया और आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की है। पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत भी मौके पर पहुंचे। रावत ने कहा कि एसपी को भी सूचित कर दिया गया है कि 24 घंटे के भीतर आरोपी नहीं पकड़े गए तो आंदोलन किया जाएगा।