
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज रिज मैदान में हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। सुक्खू हिमाचल के 15वें सीएम बन गए हैं। सुक्खू के साथ मुकेश अग्निहोत्री ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस की एकता नजर आई। समारोह में राहुल और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह भी मौजूद थीं।
सुक्खू ने शपथ लेते ही कहा कि वह पहली कैबिनेट बैठक में जनता से किए अपने वादे को पूरा करेंगे और पुरानी पेंशन योजना को बहाल करेंगे। हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पहले लोग कहते थे कि कांग्रेस किसी भी राज्य की सत्ता में नहीं आएगी, लेकिन आज हमने बीजेपी के 'रथ' को रोक दिया है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी हिमाचल प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए हिमाचल पहुंचे। इस बीच प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने शिमला में पार्टी नेता राहुल गांधी का स्वागत करते हुए कहा कि हमने वादा किया था कि हम हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की वापसी कराएंगे, जिस पर राहुल ने उन्हें बधाई दी।
सुक्खू के सीएम पद की शपथ लेने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार आने से हम बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि अब हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता से किए गए वादों को पूरा करना है, जिसे हम जल्द पूरा करने पर जोर देंगे।
प्रतिभा सिंह से मुलाकात कर लौटे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रतिभा सिंह के जत्थे की उपेक्षा नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि वह किसी गुट से नहीं हैं। पूरी कांग्रेस एकजुट है। विक्रमादित्य को कैबिनेट में जगह दी जाएगी। कौन होंगे कैबिनेट मंत्री? इस पर उन्होंने कहा कि इस पर प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला निर्णय लेंगे। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और खासकर प्रियंका गांधी को धन्यवाद देना चाहता हूं।