
Rishabh Pant Accident: बीते दिनों क्रिकेटर रिषभ पंत का रूड़की अपनी मां से मिलने जाते समय एक्सीडेट हो गया। पंत अपनी मां को सरप्राइज देना चाहते थे। दुर्घटना के बाद से ही प्रदेश में पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने को लेकर सशंय बना हुआ था लेकिन अब समाप्त हो गया है। उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने यह स्पष्ट किया है कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाएगी।
भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की कार का शुक्रवार को रुड़की के पास एक्सीडेंट हो गया। इसमें कभी तेज रफ्तार तो कभी नींद से झपकी आना हादसे का कारण बताया गया। हालांकि ऋषभ ने खुद बयान दिया था कि उन्हें झपकी आ गई थी। तभी से चर्चा चल रही थी कि पुलिस इस प्रकरण में भी ऋषभ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सकती है।
पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि इस सड़क दुर्घटना में कोई घायल हुआ है तो वह ऋषभ पंत हैं। वह स्वयं पीडि़त हैं। वह डिवाइडर से टकराए हैं। ऐसे में इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी।
ऋषभ पंत शुक्रवार की तड़के दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर यात्रा करके रुड़की मे अपने घर आ रहे थे, तभी उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उनको घर पहुंचने में 21 किमी ही बचे थे। पुलिस के मुताबिक पंत ने गुरुवार रात 2 बजकर 22 मिनट पर दिल्ली से अपनी यात्रा शुरू की थी।
भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी ऋषभ पंत के सड़क हादसे में घायल होने के बाद उनके चाहने वालों में आम से लेकर खास लोग उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। इबादत का यह दौर इंटरनेट मीडिया पर भी नजर आ रहा है। लोग सोशल मीडिया के जरिए ऋषभ के स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।