
ताजमहल के तेजोमहालय होने के दावे का मामला एक बार फिर गरमाने लगा है। आगरा में अखिल भारत हिंदू महासभा ने सावन के तीसरे सोमवार पर ताजमहल में रुद्राभिषेक करने का एलान किया। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और हिन्दू संगठन के तीन पदाधिकारियों को घरों मे नजरबंद कर दिया गया।
सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि संगठन द्वारा ताजमहल में रुद्राभिषेक करने के एलान पर यह कार्रवाई की गई है। संगठन से जुड़े लोगों की निगरानी की जा रही है। नियम विरुद्ध कोई भी कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने ताजमहल को तेजोमहालय बताते हुए घोषणा की थी कि वे लोग सोमवार को ताजमहल पर परिक्रमा करने के बाद रुद्राभिषेक करेंगे। इस पर पुलिस सुबह ही पदाधिकारियों के घर पहुंच गई। संगठन की पदाधिकारी मीना दिवाकर, जितेंद्र कुशवाह व ताजगंज क्षेत्र में हिंदूवादी नेता अवतार सिंह गिल को घर में नजरबंद किया गया।
पुलिस दोपहर तक संगठन के पदाधिकारियों को नजरबंद करने में लगी थी इस बीच हिंदू महासभा के कई कार्यकर्ता महताब बाग के पास 11 सीढ़ी पर पहुंच गए। यहां संगठन के कार्यकर्ताओं ने ताजमहल को तेजोमहालय बताकर जलाभिषेक किया। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारे भी लगाए गए।
मई में अयोध्या के संत परमहंस दास ने ताजमहल को तेजोमहालय बताया और ताजमहल में भूमि पूजन का ऐलान भी किया था। हालांकि उन्हें पुलिस ने रास्ते में रोक लिया और एक रात नजरंबद रखा था। वहीं अयोध्या के एक भाजपा नेता ने ताजमहल के बंद कमरों को खुलवाने की मांग को लेकर याचिका हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में दाखिल की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था।