
भोपाल के बदमाश मुख्तार मलिक की राजस्थान में मौत होन की खबर है। इसे लेकर झालावाड़ की एसपी मोनिका सेन ने पुष्टि की है। सेन ने बताया कि मुख्तार की मौत इलाज के दौरान हुई है। मुख्तार पर भोपाल में करीब 58 मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी तलाश कोहेफिजा में फायरिंग को लेकर भी कर रही थी। 18 मई को जमीन विवाद के चलते ये फायरिंग की घटना हुई थी।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के झालावाड़ में दो गैंग में गैंगवार हुई थी। इसमें मुख्तार गंभीर रूप से घायल हुआ था। राजस्थान पुलिस ने बताया कि भोपाल के ठेकेदार मुख्तार मालिक, उसके साथी विक्की उर्फ वाहिद समेत नाव में करीब 11 लोग सवार थे। तब बंटी गुर्जर के गैंग ने मुख्तार ग्रुप पर फायरिंग कर दी। हमले में कमल किशोर की मौत हो गई थी। पुलिस को शुक्रवार सुबह ग्राम कासलाखेड़ी, पाटन में ग्रामीणों को मुख्तार घायल अवस्था में मिला था।
मुख्तार मलिक ने राजस्थान के भीमसागर बांध में मछलियां पकड़ने का ठेका लिया था। मंगलवार देर रात मुख्तार मजदूरों के साथ कांस खेड़ली के पास नाव से पेट्रोलिंग कर रहा था। तभी गांव के कुछ मछुआरों से उसका विवाद हुआ। इसी बात को लेकर फायरिंग हो गई। सुबह नदी में एक युवक का शव मिला। नाव भी पलटी हुई थी। पुलिस मुख्तार के साथ गश्त कर रहे मजदूरों की तलाश कर रही है।