ERCP: कांग्रेस ने जिसे लटकाया, बीजेपी ने उसे 'मौका' बनाया: ईआरसीपी पर भाजपा ने शुरू की 'आभार यात्रा'

BJP Gratitude journey: कांग्रेस की "न्याय यात्रा' के राजस्थान में प्रवेश से पहले भाजपा ने 'आभार यात्रा' शुरू कर लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का दाव उलटा करने की दमदार शुरुआत कर दी।
ERCP: कांग्रेस ने जिसे लटकाया, बीजेपी ने उसे 'मौका' बनाया: ईआरसीपी पर भाजपा ने शुरू की 'आभार यात्रा'

BJP Gratitude journey in Rajasthan: आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों ने तैयारी शुरू कर दी है। एक तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए राजस्थान में खोई जमीन को पाने की कोशिश कर रहे हैं वहीं पूर्वी राजस्थान में अपनी कमजोर पकड़ को मजबूत बनाने के लिए भाजपा ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को हथियार बनाया है। राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' रविवार 25 फरवरी को राजस्थान में प्रवेश करने वाली है। इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ मिलकर पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) आभार यात्रा शुरू की है। इस यात्रा की शुरुआत अलवर जिले के बड़ौदामेव से की गई।

कांग्रेस ने सिर्फ लटकाने-भटकाने का काम किया: सीएम

आभार सभा में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकार आते ही अच्छा काम शुरू हो जाता है। कांग्रेस की सरकार ने नदियों को जोड़ने का काम बंद कर दिया। कांग्रेस की नानीजी से लेकर राहुल गांधी यही कहते रहे गरीबी हटाएंगे, लेकिन कर कुछ नहीं सके। कांग्रेस केवल जुमलेबाजी की राजनीति करती है। ईआरसीपी की योजना को कांग्रेस ने लटकाने और भटकाने का ही काम किया है।

भाजपा ने चुनाव के एक-एक वादे पूरे किए

सीएम भजनलाल बोले कि देश के पीएम जो कहते हैं वो करते हैं। ये योजना 2003-04 में अटल बिहारी जी का सपना था। नदियों को जोड़ने का काम प्रारंभ किया था, उसके बाद कांग्रेस की सरकार आ गई और काम बंद हो गया। जनता के हितों को वो देखते हैं जो ज़मीन से जुड़े होते हैं। कांग्रेस की सरकार ने खूब वादे किए,चार पीढ़ियों ने सिर्फ वादे ही किए। कांग्रेस के लोगों ने भ्रष्टाचार किया, ठगने का काम किया। हमने चुनावों में वादे किए, एक एक वादा पूरा कर रहे हैं। केंद्र में धारा 370 की बात की पूर्ण बहुमत में आते ही वादा पूरा किया। 500 साल से रामलला टेंट में रह रहे थे वो पूरा किया।

20 सालों से पेंडिंग मामलों को लगे पंख: शेखावत

इस मौके पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भजनलाल शर्मा का राजस्थान में पग फेरा अच्छा है। जब से आये हैं अच्छा ही अच्छा हो रहा है। 20 सालों से पेंडिंग मामलों को पंख लग गए हैं। उन्होंने कहा कि भजनलाल जी का पग फेरा बहुत शुभ रहा है। आते ही ईआरसीपी को पंख लग गए। आज मैं सभा में आप सभी का धन्यवाद देने आया हूं। राजस्थान के 13 जिलों पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार राजनीति कर रही थी। आप ने उस सरकार को रवाना कर दिया।

7 जिलों में जाएगी आभार यात्रा

मुख्यमंत्री पूर्वी राजस्थान के 7 जिलों अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, करौली, गंगापुर सिटी, दौसा में ईआरसीपी आभार जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, टोंक और जयपुर जिले के चाकसू में भी आभार सभा का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इसी ईआरसीपी को लोकसभा में एक अचूक हथियार की तरह इस्तेमाल करने की तैयारी कर रहे हैं।

logo
Since independence
hindi.sinceindependence.com