Rajasthan: प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों पर हैट्रिक लगाने की तैयारी, भाजपा का एजेंडा तय

Lok Sabha Election 2024: भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में राजस्थान लोकसभा में सभी 25 सीटें जीतकर के लिए शनिवार को मंथन हुआ और कार्य योजना तैयार की गई।
Rajasthan: प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों पर हैट्रिक लगाने की तैयारी, भाजपा का एजेंडा तय

Rajasthan BJP Meeting: राजस्थान भाजपा ने एक बार फिर लोकसभा में सभी 25 सीटों को जीतकर हैट्रिक लगाने के लिए पहले दौर का मंथन पूरा कर लिया है। शनिवार को दूसरे दिन प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जिला अध्यक्ष और जिला संयोजकों के साथ ही विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष भी मौजूद रहे। इस दौरान यह तय किया गया है कि केंद्र की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इन योजनाओं के माध्यम से नेता और कार्यकर्ता हर व्यक्ति तक पहुंचेंगे। इसके साथ ही महिलाओं को विशेष रूप से टारगेट किया जाएगा।

नेता और कार्यकर्ता जाएंगे घर-घर

भाजपा मुख्यालय पर आयोजित हुई इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विस्तार से मिशन 25 पर चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि लोकसभा चुनाव को लेकर नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। साथ ही कांग्रेसी विचारधारा के लोगों को पार्टी से जोड़ने का टारगेट दिया गया।

संगठित होकर करना होगा काम: अरुण सिंह

प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि जिस तरह भाजपा के पदाधिकारियों ने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का कार्य किया था, उसी तरह लोकसभा चुनावों में भी हमें संगठित होकर काम करना होगा। अब हमारा लक्ष्य प्रदेश की 25 की 25 सीटों पर कमल खिलाना है। इसके लिए सभी का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियां होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें ब्लॉक, ग्राम, पंचायत, जिला मुख्यालय सहित शहरी स्तर पर सदस्यता अभियान चलाना होगा।

हर वर्ग को करना होगा कनेक्ट: चंद्रशेखर

बैठक के तीसरे सत्र में संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने कहा कि आज हमें मिशन 25 का लक्ष्य तय कर कार्य योजना बनानी होगी। प्रदेश स्तर पर रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इस रूप रेखा को जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर पर मूर्त रूप देना होगा। प्रधानमंत्री मोदी की मूल भावना समाज के वंचित, गरीब, दलित और पिछड़ों से कनेक्ट होना है। प्रदेश में 30 जनवरी तक लोकसभा कार्यालय खोलना होगा।

कार्यकर्ता लें पांच प्रण: सीएम भजनलाल

बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को पांच प्रण लेने होंगे। जिसमें विकसित भारत का लक्ष्य, गुलामी के हर अंश से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकजुट भारत और नागरिक कर्तव्यों का पालन शामिल हैं। सीएम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को जोडना होगा। इस दौरान नव मतदाता अभियान पोस्टर का विमोचन किया गया।

logo
Since independence
hindi.sinceindependence.com