केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बोले पाकिस्तान पहले पीओके खाली करें तब बातचीत होगी।

गिरिराज सिंह ने कहा कि कश्मीर मसले को नेहरूजी ने संयुक्त राष्ट्र ले जाकर बड़ी भूल की थी, जिसके कारण 70 साल लग गये
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बोले पाकिस्तान पहले पीओके खाली करें तब बातचीत होगी।

डेस्क न्यूज –  केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि पाकिस्तान जल्द से जल्द पीओके भारत को हैंडओवर करे तभी उससे कोई भी वार्ता होगी। उन्होंने कहा कि पीओके भी हमारा ही है, आज नहीं तो कल भारत के पास होगा। उनको जो धमकी देनी है दें, लेकिन हम अपने अधिकारों को नहीं छोड़ सकते। कश्मीर भारत का अंग है और अब पीओके भी होगा। अंदरूनी मामलों में उसे दखल देने का कोई अधिकार नहीं है।

शुक्रवार को गिरिराज सिंह आईओसीएल बरौनी के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। गिरिराज सिंह ने कहा कि कश्मीर मसले को नेहरूजी ने संयुक्त राष्ट्र ले जाकर बड़ी भूल की थी, जिसके कारण 70 साल लग गये।

पाकिस्तान के विदेश मंत्री कह रहे हैं कि तारीख बताएगा अनुच्छेद 370 हटाने का दुष्परिणाम। गिरिराज सिंह ने कहा कि पाकिस्तान सुन ले और याद करे 1965, 1967, 1971 और 1999 की तारीख साथ ही बालाकोट को भी याद कर ले। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपने यहां गरीबी मिटाने, विकास से लड़ने के बदले आतंक की नर्सरी बन गया है। आतंक ही उसकी पूंजी है, आतंक से ही दुनिया में उसकी पहचान है, जबकि भारत की ताकत जनता और यहां के जन-जन में बसा राष्ट्रवाद है।

गिरिराज सिंह ने बताया कि इस लोकसभा सत्र में जनहित के लिए 36 विधेयक पास हुए। तीन तलाक और अखंड भारत एक देश-एक कानून जैसा ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। नेहरूजी ने एक अलग प्रावधान बनाकर कश्मीर को कई शर्तों की ताकत दी थी, जो भारत को एक कानून से जोड़ने में बाधक बन रहा था। पूरे देश में गरीबी, विकास, सामाजिक नियम, बाल विवाह आदि को लेकर कानून बना लेकिन कश्मीर में लागू नहीं हो सके।

कांग्रेस असमंजस की हालत में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में विरोध करती है। उन्हीं की पार्टी के वरिष्ठ नेता जनार्दन द्विवेदी और ज्योतिरादित्य सिंधिया फैसले का स्वागत करते हैं। गुलाम नबी आजाद जैसे लोगों की जुबान बंद हो जाती है, जब उसके नेता अलगाववादियों से मिलते हैं, पत्थरबाज के समर्थन में खड़े होते हैं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का गुणगान करते हैं। आज कांग्रेस और पाकिस्तान दोनों एक भाषा में बोल रहा है।

उन्होंने कहा कि गुलाम नबी आजाद कश्मीर से बाहर जाकर चुनाव लड़ सकते हैं तो अब देश का कोई भी आदमी कश्मीर में चुनाव लड़ सकता है, इसलिए बना है यह कानून। जो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 56 इंच सीने की बात करते थे, वह आज देख ले पूरे देश का सीना 136 इंच का हो गया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बौखलाहट में है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद कुछ वामपंथी और कांग्रेसी भ्रम फैलाना चाहते हैं, माहौल खराब करना चाहते हैं। वह याद रखें भारत की ताकत राष्ट्रवाद है और राष्ट्र के लिए लड़ी गई लड़ाई हम हमेशा जीतते रहे हैं। इसलिए विपक्ष पाकिस्तानी राग अलापना बंद कर दे।

उन्होंने कहा कि विपक्ष याद रखे कि देश में राष्ट्रवादी विचारधारा की एक मजबूत और समग्र विकासशील सरकार है। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि अमरेंद्र कुमार अमर, जिला महामंत्री कृष्ण मोहन पप्पू, भाजयुमो के प्रदेश मीडिया प्रभारी मृत्युंजय कुमार वीरेश आदि भी मौजूद थे। इससे पहले गिरिराज ने गेस्ट हाउस में ही क्षेत्र की जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं से रूबरू हुए।

Related Stories

No stories found.
logo
Since independence
hindi.sinceindependence.com