डेस्क न्यूज़ – राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने टिक–टॉक इंडिया से उस वीडियो को तुरंत हटाने के लिए कहा है जिसमें एक पुरुष महिला के साथ अत्याचार करता हुआ दिखाई दे रहा है। महिला आयोग ने महाराष्ट्र पुलिस को क्लिप तैयार करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है। महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने इस बारे में टिक–टॉक इंडिया को एक पत्र भी भेजा है।
महिला आयोग ने ट्विटर इंडिया को वीडियो बनाने के साथ ही इसे बनाने वाले का आईडी ब्लॉक करने का निर्देश दिया है। साथ ही आयोग ने महाराष्ट्र पुलिस को वीडियो बनाने वाले के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को भी कहा है।
बता दें कि इस वीडियो में एक व्यक्ति को एक महिला पर तेजाब फेंकने का अपराध करते हुए दिखाया गया है। महिला संगठनों और बॉलीवुड अभिनेत्रियों ने भी इस बारे में आपत्ति जताई है। मामले की शिकायत मिलने के बाद टिक–टॉक इंडिया के अधिकारी को भेजे गए पत्र में महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि आयोग महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचारों से बेहद चिंतित है। यह वीडियो न केवल महिला विरोधी हिंसा के लिए उकसा रहा है, बल्कि पुरुष प्रधान सोच को भी दिखाता है। इस वीडियो को बनाने वाले युवक ने महिला हिंसा को बढ़ावा देने की कोशिश की है। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो हटाने के साथ–साथ इस व्यक्ति की आईडी भी ब्लॉक की जानी चाहिए।
यह पत्र महिला आयोग द्वारा टिक टॉक इंडिया की अधिकारी अनुज भाटिया को लिखा गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस वीडियो के बारे में एक ट्विटर पोस्ट के माध्यम से पता चला। अब आयोग चाहता है कि इस वीडियो को जल्द से जल्द हटाया जाए।
इतना ही नहीं, महिला आयोग ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक सुबोध कुमार जायसवाल को एक पत्र भी लिखा। इस पत्र में रेखा शर्मा ने कहा कि इस मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई की जानी चाहिए और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 के तहत मामला दर्ज करके आरोपियों को सुनिश्चित किया जाना चाहिए।