Karnataka Election 2023: कर्नाटक में कांग्रेस की जीत से विपक्ष में उत्साह; जानें किसने क्या कहा?

Karnataka Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत से कांग्रेस समेत समूचा विपक्ष खुश है। इस जीत को आगामी लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
Karnataka Election 2023: कर्नाटक में कांग्रेस की जीत से विपक्ष में उत्साह; जानें किसने क्या कहा?

Karnataka Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस पार्टी ने बड़ी जीत हांसिल करते हुए अपने प्रतिद्वंदी दल भाजपा को करारी शिकस्त दे दी। कुल 224 सीटों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने 135, भाजपा ने 66, जेडीएस ने 19 सीटें जीतीं, जबकि 4 अन्य के खाते में गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आदि ने इस जीत पर कांग्रेस को बधाई दी है। इस जीत से कांग्रेस खेम में तो अति उत्साह है ही साथ ही विपक्षी दलों में भी जोश का संचार हुआ है। इस जीत को आगामी लोकसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

जानें कांग्रेस की जीत पर किसने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस पार्टी को बधाई। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा है कि उन सभी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने कर्नाटक चुनाव में हमारा समर्थन किया है। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना करता हूं।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत एवं स्पष्ट बहुमत हासिल करने पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि कर्नाटक की आवाम को मुबारकबाद देता हूं। उन्होंने नफरत की सियासत को ठुकरा दिया और मोहब्बत की सियासत को अपनाया है।

एनसीपी चीफ शरद पवार ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हमारा असली मकसद कर्नाटक में बीजेपी को हराना था। मैं पिछले आठ-दस दिनों से जनसभाओं में कह रहा हूं कि कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की हार होगी।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "अहंकार, दुर्व्यवहार, एजेंसी पॉलिटिक्स के खिलाफ लोगों ने वोट टू नो बीजेपी का आह्वान किया। मैं कर्नाटक की जनता, मतदाताओं को सैल्यूट करती हूं और कांग्रेस पार्टी को जीत की बधाई देती हूं।

राहुल, प्रियंका समेत कांग्रेसियों की प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में गरीब लोगों ने सांठगांठ वाले पूंजीपतियों को हरा दिया। हमने प्यार से ये लड़ाई लड़ी। कर्नाटक ने दिखाया कि इस देश को मोहब्बत अच्छी लगती है। कर्नाटक में नफ़रत की बाज़ार बंद हुई है, मोहब्बत की दुकान खुली है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश की जनता का आभार जताया और कहा कि यह देश को जोड़ने वाली राजनीति की जीत है। उधर प्रियंका गांधी ने शिमला में अभी हनुमान मंदिर पहुंचीं। वहां पूजा अर्चना की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस की जीत जनता की जीत है। जनता ने एक भ्रष्ट सरकार को हराया है। हमें आगे बहुत कुछ करना है। हमें वादे निभाने हैं, हमारी 5 गारंटी हम पूरी करेंगे।

कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने कहा, "मैं अपने कार्यकर्ताओं और अपनी पार्टी के नेताओं को श्रेय देता हूं जिन्होंने इतनी मेहनत की है, लोगों ने झूठ का पर्दाफाश किया है।

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि आज जो कांग्रेस की निर्णायक जीत है वह पीएम मोदी की निर्णायक हार है। प्रधानमंत्री के अलावा प्रचार में और किसी का चेहरा नहीं दिखा। पीएम खुद डबल इंजन की बात करते रहे, जिसे जनता ने नकार दिया।

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि ये एक स्पष्ट संदेश है, हम कर्नाटक के गरीब लोगों के साथ खड़े थे वे (बीजेपी) कर्नाटक के अमीरों के साथ थे। गरीबों ने इस चुनाव को जीत लिया। यह परिणाम 2024 के लिए मील का पत्थर है।

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि बीजेपी ने बजरंग दल को बजरंगबली बनाया लेकिन बजरंगबली तो बजरंगबली हैं। बजरंगबली हमेशा सच्चाई, प्रेम और भाईचारे का साथ देते हैं। आज भ्रष्टाचारियों के सिर पर गदा पड़ा है। ये हार पीएम मोदी की हार है।

कांग्रेस नेता सिद्धारमैया यतींद्र सिद्धारमैया ने कहा, 'हमें पूर्ण बहुमत मिलेगा और हम अपनी सरकार बनाएंगे। हम आश्वस्त हैं और सभी सर्वेक्षणों ने भी कहा है कि कांग्रेस कर्नाटक विधानसभा चुनाव जीतने जा रही है।'

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कर्नाटक में मिली जीत का श्रेय कर्नाटक के 5 करोड़ जनता को दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस घोषणा पत्र में किए वादे पूरा करेगी।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, 'अभी तक जो ख़बर है कांग्रेस का बहुत अच्छा प्रदर्शन है। निश्चित तौर पर कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनेगी। बीजेपी का प्रयास रहेगा कि अन्य पार्टियों से मिलकर खरीद फरोख्त करें।'

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, "अगर वे (भाजपा) करोड़ों रुपये खर्च करेंगे तो 'ऑपरेशन लोटस' हो सकता है, लेकिन कांग्रेस को बहुमत मिलेगा। कर्नाटक में कोई सिंधिया नहीं है। कर्नाटक में मजबूत कांग्रेसी हैं।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कर्नाटक में जो माहौल दिखा था आज उसी का नतीजा कर्नाटक के चुनाव परिणाम में स्पष्ट दिख रहा है।

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "पूरा बहुमत हमारे साथ है। लोगों ने हमें मौका दिया है। तमाम तरह के दुष्प्रचार हुए लेकिन हमने नारा दिया उसे जनता ने स्वीकार किया।

जानें क्या बोले भाजपा नेता?

कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि हम जनता के निर्णय को स्वीकार करते हैं। हार की जिम्मेदारी मेरी है। हम विश्लेषण करेंगे कि हमसे कहां गलती हुई।

बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा ने कहा, "जनता के मताधिकार का सम्मान करते हैं। विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर मंथन करेंगे कि कहां चूक हुई। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ काम किया है। जनता का धन्यवाद।"

केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा, "लोकतंत्र में हार-जीत बड़ी बात नहीं है। हमने अपनी हार स्वीकार की है। हम विपक्ष के नाते लड़ेंगे और हमारा लक्ष्य है कि 2024 लोकसभा चुनाव में हम सारी सीटें जीतें।"

बीजेपी नेता सदानंद गौड़ा ने कहा, 'अभी कोई भी अंतिम फैसला देना जल्दबाजी होगी। 3-4 राउंड के बाद थोड़ा स्पष्ट होगा लेकिन यह भी अंतिम नहीं है। हर चरण में कड़ी लड़ाई है क्योंकि हमारे विपक्षी दलों (जेडीएस और कांग्रेस) ने हाथ मिला लिए हैं।'

Karnataka Election 2023: कर्नाटक में कांग्रेस की जीत से विपक्ष में उत्साह; जानें किसने क्या कहा?
Karnataka Election Results 2023 Live: कर्नाटक ने कमल को नकारा, थामा हाथ; सही साबित हुई एक्जिट पोल की बात
logo
Since independence
hindi.sinceindependence.com