
Karnataka Election Results 2023: कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। चुनाव आयोग के रुझानों के मुताबिक, कांग्रेस बहुमत के आंकड़े को पार कर गई है। कनकपुरा विधानसभा सीट से कर्नाटक कांग्रेस के चीफ डीके शिवकुमार को जीत मिली है।
10 मई को हुई वोटिंग में शाम छह बजे तक 73.19 फीसदी वोटिंग हुई थी, जो दक्षिणी राज्य में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। पहली बार वोट देने वाले 11.71 लाख नए वोटर थे, जो निर्णायक भूमिका में हैं। राज्य विधानसभा के लिए बहुमत का जादुई आंकड़ा 113 सीटों का है।
इस पर 2,615 उम्मीदवार चुनावी मैदान हैं। फिलहाल कांग्रेस और बीजेपी में सीधा मुकाबला है। वहीं, जेडीएस खुद को किंगमेकर बता रही है। दोपहर बाद तक तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
कर्नाटक में कांग्रेस को बहुमत मिलने पर छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने रायपुर में मिठाई बांटी। ईसीआई के नवीनतम रुझानों के अनुसार, कांग्रेस 118 सीटों पर आगे है जबकि भाजपा 75 सीटों पर आगे है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, सभी 224 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं। आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस 121 सीटों पर जबकि भाजपा 72, जेडीएस 24 और अन्य 07 सीटों पर आगे है।
कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक कल सुबह बेंगलुरु में बुलाई गई है। पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार कर गई है।
कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर ली है। उन्हें कांग्रेस ने कनकपुरा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने मंत्री आर. अशोक को भारी मतों से हराया है।
ईसीआई के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस को 42.93% वोट शेयर, बीजेपी को 36.17% वोट शेयर और जेडीएस को 12.97% वोट शेयर मिला है।
कर्नाटक के सीएम और बीजेपी नेता बसवराज बोम्मई शिगगांव विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं। बीएस येदियुरप्पा के बेटे और बीजेपी के बीवाई विजयेंद्र शिकारीपुरा विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं।
इलेक्शन कमिशन ऑफ इंडिया के अनुसार, कांग्रेस 82 सीटों पर, बीजेपी 52 सीटों पर जबकि जेडीएस 16 सीटों पर आगे चल रही है।
शिग्गांव: यहां से भाजपा नेता और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई चुनाव लड़ रहे हैं। 2018 में वे इसी सीट से जीते थे।
वरुणा: यहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व सीएम सिद्धारमैया चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ बीजेपी ने मंत्री वी सोमन्ना को उतारा है।
कनपुरा: यहां से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी ने उनके खिलाफ राजस्व मंत्री आर अशोक को उतारा है।
चन्नापट्टन: जेडीएस प्रमुख एचडी कुमारस्वामी मैदान में हैं। 2018 के इलेक्शन के बाद जेडीएस ने भाजपा को समर्थन दिया था।
अथणी: पूर्व सीएम लक्ष्मण सावदी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा छोड़ दी थी।
कर्नाटक में कांग्रेस को स्पष्ट बढ़त मिलने की उम्मीद है। न्यूज 24-टुडेज चाणक्य ने भविष्यवाणी की है कि कांग्रेस अपने दम पर बहुमत में आएगी। बीजेपी 92 सीटें, कांग्रेस 120 और जेडी-एस 12 सीटें जीत सकती है। इन पार्टियों के नंबर में 11 अंकों का अंतर (प्लस-माइनस) हो सकता है।
वहीं, तीन अन्य एग्जिट पोल ने भी कांग्रेस को पूर्ण बहुमत का संकेत दिया है। भाजपा को सिर्फ एक एग्जिट पोल ने बहुमत में आने का दावा किया है। वहीं, जेडीएस के बारें में भविष्यवाणी हुई है कि वह पिछले चुनाव 2018 में जीती गई 37 सीटों के आंकड़े को नहीं छू पाएगी, लेकिन एक मजबूत क्षेत्रीय खिलाड़ी बनी रहेगी।