MP Election: मध्य प्रदेश में कांग्रेस की लुटिया डुबो सकते हैं बागी, कई बागी AAP के संपर्क में

MP Elections 2023: कांग्रेस से टिकट न पाने वाले नेता अब आप ज्वाइन कर रहे हैं। पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू जैसे कई बागी कांग्रेस की लुटिया डुबो सकते हैं।
MP Election: मध्य प्रदेश में कांग्रेस की लुटिया डुबो सकते हैं बागी, कई बागी AAP के संपर्क में

MP Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश में इस बार विधानसभा चुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के दावेदार टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने के साथ-साथ आम आदमी पार्टी से भी अपना भाग्य अजमाने की फिराक में है। यह सरदर्दी कांग्रेस को ज्यादा है, क्योंकि उसके अनेक बागी आप पार्टी के संपर्क में हैं। उज्जैन उत्तर से कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर विवेक यादव ने आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ने का तय कर लिया है। इसी कड़ी में पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू भी आम आदमी पार्टी के संपर्क में है।

कांग्रेस के बागियों ने दिखा दिए तेवर

कांग्रेस ने 144 प्रत्याशियों की सूची जारी करते हुए उज्जैन उत्तर से पार्षद माया त्रिवेदी को अपना उम्मीदवार बनाया है। माया त्रिवेदी को उम्मीदवार बनाने से नाराज दावेदार विवेक यादव कांग्रेस छोड़ते हुए आप पार्टी का दामन थाम लिया है। विवेक यादव ने बताया कि, आम आदमी पार्टी यदि उन्हें टिकट देगी तो पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे।

इसी प्रकार रतलाम जिले के आलोट विधानसभा सीट से मनोज चावला को मैदान में उतर दिया है। विधायक मनोज चावला को पार्टी ने दूसरी बार टिकट देते हुए विश्वास जताया है। इस सीट से पूर्व सांसद और आलोट से पूर्व विधायक रहे प्रेमचंद गुड्डू प्रबल दावेदार थे। टिकट नहीं मिलने से नाराज गुड्डू अब चुनाव लड़ने का फैसला कर चुके हैं। 19 अक्टूबर को गुड्डू कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है। 21 तारीख को वे अपना नामांकन भरेंगे।

इसी बीच पूर्व सांसद गुड्डू भी आम आदमी पार्टी के संपर्क में है। उज्जैन जिले की नागदा सीट से भी कांग्रेस नेता रहे एक और दावेदार ने आप पार्टी तैयारी शुरू कर दी है।

'आप का अस्तित्व नहीं, भाजपा को मिलेगा फायदा'

बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष चिंतामणि मालवीय के मुताबिक, आम आदमी पार्टी का उज्जैन ही नहीं पूरे मध्य प्रदेश में कोई अस्तित्व नहीं है। ऐसे में कांग्रेस के बागी नेताओं का फायदा बीजेपी को मिलेगा। कांग्रेस में उहापोह की स्थिति है, अंतरविरोध हावी है। कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती है, इसलिए इस बार भी कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी।

कांग्रेस ने दिग्विजय के पूरे परिवार को दे दिया टिकट

वहीं बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसौदिया ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पूरे परिवार को टिकट दिया गया है, इससे यह साबित होता है कि कांग्रेस में परिवारवाद बरकरार है।

सिसौदिया ने कहा कि दिग्विजय सिंह खुद राज्यसभा सांसद हैं, जबकि उनके बेटे जयवर्धन सिंह को राघोगढ़ से मैदान में उतर गया है। इसी तरह भाई लक्ष्मण सिंह को चाचौड़ा और भतीजे प्रियवत सिंह को खिलचीपुर से टिकट दिया गया है। परिवारवाद का इससे बड़ा उदाहरण कहां देखने को मिलेगा?

logo
Since independence
hindi.sinceindependence.com