शिवराज चौहान केबिनेट विस्तार से पहले दिल्ली में मोदी-शाह से मिलेंगे

इस बीच मंत्री पद के दावेदारों ने भी शुक्रवार को मुख्यमंत्री और संगठन प्रमुख वीडी शर्मा व प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत से बातचीत की
शिवराज चौहान केबिनेट विस्तार से पहले दिल्ली में मोदी-शाह से मिलेंगे

न्यूज – कैबिनेट विस्तार की खबरों को अब विराम देने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अपनी टीम में नए चेहरों को शामिल करने का मन बना लिया है।

मीडिया से बातचीत में श्री चौहान ने कहा कि जल्द ही वे कैबिनेट का विस्तार करेंगे। संभावना है कि सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो अगले हफ्ते लगभग 22 मंत्रियों को शपथ दिलवाई जा सकती है।

इस बीच मंत्री पद के दावेदारों ने भी शुक्रवार को मुख्यमंत्री और संगठन प्रमुख वीडी शर्मा व प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत से बातचीत की। शुक्रवार का दिन भाजपा की सियासत के लिए बड़ा गहमी-गहमी वाला रहा। मंत्रिमंडल के विस्तार की सुगबुगाहट के साथ ही कई दावेदारों ने भोपाल की दौड़ लगा दी।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में पूर्व गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह ने प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और सुहास भगत से मुलाकात की।श्री सिंह ने कहा कि उनकी बातचीत केवल सागर जिले के उपचुनाव को लेकर हुई। पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने भी दोनों नेताओं से मुलाकात की। श्री बिसेन ने मीडिया से कहा कि भाजपा में मंत्री बनने के लिए दावा नहीं किया जाता है।

सूत्रों ने बताया कि मंत्री पद के दावेदारों को लेकर मुख्यमंत्री और संगठन नेताओं के बीच चर्चा भी पूरी हो गई है। दावेदारों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है। संभावना है कि शपथ की तारीख तय करने से पहले मुख्यमंत्री एक बार दिल्ली जा सकते हैं।

कैबिनेट विस्तार की खबरों के बीच पूर्व प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह भी शुक्रवार को भोपाल में सक्रिय रहे। प्रदेशाध्यक्ष का पद छोड़ने के बाद वे पहली बार प्रदेश भाजपा कार्यालय आए थे।

Related Stories

No stories found.
logo
Since independence
hindi.sinceindependence.com