Madhuri Sonkar
मस्तिष्क हमारे पूरे शरीर को नियंत्रित करने वाला अंग है, यही कारण है कि इसके विशेष देखभाल की भी आवश्यकता होती है। लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के साथ कई तरह की पर्यावरणीय स्थितियों के कारण इस अंग से संबंधित दिक्कतें बढ़ती देखी जा रही हैं।
चिकित्सा एक्सपर्ट का कहना है, ब्रेन ट्यूमर के कारण अज्ञात होते हैं। कई बार आनुवांशिकता और पर्यावरणीय जोखिम के कारक इसके लिए जिम्मेदार माने जाते हैं। कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों में ब्रेन ट्यूमर का जोखिम अधिक देखने को मिलता है।
ब्रेन ट्यूमर के लक्षण ट्यूमर के आकार और स्थान पर निर्भर करते हैं। कई मामलों में लक्षण इस बात पर भी निर्भर करते हैं कि ब्रेन ट्यूमर कितनी तेजी से बढ़ रहा है? सिरदर्द होना इसका प्रारंभिक संकेत माना जाता है। अक्सर होने वाले सिरदर्द को अनदेखा न करें।
सिर में दर्द या दबाव जो सुबह के समय ज्यादा बढ़ जाता है या अक्सर बने रहने वाला सिरदर्द कई मामलों में ब्रेन ट्यूमर का संकेत हो सकता है। अगर आपको भी इस तरह की दिक्कत रहती है तो डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
लगातार या तेज सिरदर्द की समस्या के अलावा बिना स्पष्ट कारण के उल्टी और मतली की दिक्कत होते रहना भी ट्यूमर का संकेत हो सकता है। ट्यूमर की समस्या वाले कई लोगों में धुंधला दिखना, दोहरा दिखाई देना जैसी दिक्कतें देखने को मिलती है।
ब्रेन ट्यूमर की स्थिति शारीरिक संतुलन और समन्वय की समस्याएं जैसे चलने या बैठने में कठिनाई भी पैदा कर सकता है। इसके कारण बोलने में समस्या, शब्दों को याद रखने में कठिनाई होना, व्यक्तित्व या व्यवहार में परिवर्तन भी देखा जाता रहा है। सुस्ती या अत्यधिक नींद आना भी इस गंभीर समस्या की तरफ इशारा माना जाता है।