
Boycott Pathaan trends: शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की बहुत प्रतीक्षित फिल्म पठान का एक गाना बेशर्म रंग रिलीज होते ही फिल्म पर बवाल शुरू हो गया है। इस गाने में दीपिका पादुकोण के शाहरुख खान के साथ जो सीन हैं वे बेहद अश्लील और उत्तेजक हैं। इतना ही नहीं अभिनेत्री दीपिका पादुकोण इसमें भगवा बिकनी में नजर आ रही है। भगवा बिकनी में ये पोज बेहद ही अश्लील हैं, जिन्हें परिवार के साथ नहीं देखा जा सकता।
बेशर्म रंग के इन सीन को लेकर शाहरुख खान की फिल्म पठान को सोशल मीडिया पर बायकॉट करने की मांग शुरू हो गई है। कई लोग फिल्म को बैन करने की भी मांग कर रहे हैं। आखिर वजह क्या है आइए हम आपको बताते हैं।
शाहरुख खान ने फिल्म पठान की जब से अनाउंसमेंट की, उनके फैंस के चेहरे खुशी से खिल गए। पोस्टर और टीजर जारी होने के बाद किंग खान के फैंस पठान के गानों को रिलीज करने की मांग करने लगे। इस पर पठान के मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना बेशर्म रंग रिलीज किया। गाने में शाहरुख के एब्स और किलर लुक पर फैंस तो फिदा हैं, लेकिन दीपिका पादुकोण का मोनोकनी और बिकिनी में रिवीलिंग लुक कुछ लोगों को नहीं भा रहा है। बेशर्म रंग गाने में दीपिका के सेंशुअस लुक और शाहरुख संग उनकी इंटेंस केमिस्ट्री पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई है।
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने चेतावनी दी है कि अगर फिल्म में दीपिका के कपड़े और कुछ सीन्स को बदला नहीं गया तो वो अपने राज्य में फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा- फिल्म पठान के गाने में टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की वेशभूषा बेहद आपत्तिजनक है और गाना दूषित मानसिकता के साथ फिल्माया गया है। गाने के दृश्यों और वेशभूषा को ठीक किया जाए अन्यथा फिल्म को मध्य प्रदेश में अनुमति दी जाए या नहीं दी जाए, इस पर विचार करना होगा।
पठान के बेशर्म रंग गाने के एक सीन में दीपिका ने केसरी रंग की बिकिनी पहनी है। दीपिका के रिवीलिंग कपड़ों के साथ उनकी बिकिनी के केसरी रंग पर हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि ये भगवा का रंग है और पठान फिल्म में इसका अपमान किया गया है। पठान में हुए भगवा के अपमान को हिंदुस्तान नहीं सहेगा।
उन्होंने कहा- शाहरुख खान और दीपिका की आने वाली फिल्म पठान में जिस तरह से भगवा रंग के कपड़े अश्लील तरीके से पहनाए गए हैं और उसे पहनाकर बेशर्म रंग गाना गाया है। ये भगवा और सनातन धर्म का अपमान है। कहीं ना कहीं बॉलीवुड सनातन धर्म के खिलाफ काम कर रहा है। दुर्भाग्य की बात है कि जिस भगवा ने पूरे देश और दुनिया को दिशा देने का काम किया उसे बेशर्म रंग कहा जा रहा है। सबसे बड़ा दुर्भाग्य ये है कि सेंसर बोर्ड इसे पास करता जाता है और हिंदू सनातन का अपमान होता जाता है। हम इसकी निंदा करते हैं। मैं हिंदू समाज से निवेदन करता हूं कि वो पठान फिल्म का बायकॉट करें।
पठान का गाना बेशर्म रंग रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर दो ग्रुपों में लोग बंट गए हैं। किंग खान और दीपिका के फैंस को तो उनकी सिजलिंग केमिस्टरी और बोल्ड अवतार किलर लग रहा है, लेकिन कई लोग इसपर नाराजगी भी जाहिर कर रहे हैं। ट्विटर पर #BoycottPathaan ट्रेंड कर रहा है। दीपिका के रिवीलिंग बिकिनी और मोनोकनी लुक्स को कुछ लोग भारत की संस्कृति के खिलाफ बता रहे हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि दीपिका को भगवा रंग के कपड़े पहनाकर गाने का नाम बेशर्म रंग रख दिया है। इसे बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए कुछ लोग शाहरुख खान और दीपिका पर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं और पठान को बायकॉट करने की मांग कर रहे हैं।