Himachal Election 2022: भाजपा की ताबड़तोड़ रैलियां; कांग्रेस के दिग्गज प्रचार से दूर, क्या डाल दिए हथियार?

हिमाचल विधानसभा चुनाव में आज गुरुवार प्रचार का अंतिम दिन है। भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व हिमाचल के हर विधानसभा क्षेत्र में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहा है। आज भी अमित शाह, जेपी नड्डा, योगी आदित्यनाथ व स्मृति इरानी की चुनाव रैलियां हैं, जबकि प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस का कोई स्टार प्रचारक प्रचार को नहीं उतरा। सोनिया व राहुल गांधी तो पूरी तरह नदारद हैं।
Himachal Election 2022: भाजपा की ताबड़तोड़ रैलियां; कांग्रेस के दिग्गज प्रचार से दूर, क्या डाल दिए हथियार?

हिमाचल विधानसभा चुनाव 2022 के लिए पार्टियों का धुआंधार चुनाव प्रचार जारी है। हिमाचल में आज गुरुवार प्रचार का अंतिम दिन है। भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व हिमाचल के हर विधानसभा क्षेत्र में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहा है वहीं कांग्रेस के कई दिग्गज प्रचार से दूरी बनाए हुए हैं। प्रियंका गांधी को छोड़ कांग्रेस के बड़े स्टार प्रचारक चुनावी समर में अभी तक सक्रिय नहीं हुए हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अब तक दो रैली की है। एक चुनाव की तारीखों की घोषणा के पहले और एक मंडी में तारीखों के ऐलान के बाद।

कांग्रेस की चुनाव आयोग को सौंपी स्टार प्रचारकों की सूची में सोनिया गांधी व राहुल गांधी समेत 40 नेताओं के नाम शामिल थे, लेकिन इनमें कई प्रचार करने ही नहीं पहुंचे। कुछ शिमला आए पर प्रेसवार्ता कर लौट गए। हिमाचल में कांग्रेस की तरफ से प्रचार का जिम्मा प्रियंका गांधी वाड्रा ने संभाला हुआ है। वह हर संसदीय क्षेत्र में रैलियां कर चुकी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे प्रचार के अंतिम दौर में शिमला पहुंचे। उनकी केवल दो ही रैलियां हुई हैं।

बीजेपी ने अपनी 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की थी जिसमें से अधिकांश ने हिमाचल की धरती पर पहुंचकर हुंकार भरी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। आने वाले दिनों में भी पीएम मोदी सहित कई बीजेपी के बड़े नेता चुनावी रैली करने वाले हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से कोई भी इन हमलों का जवाब देने के लिए दिग्गजों का इंतजार किया जा रहा है।

हिमाचल महासमर में बीजेपी के स्टार प्रचारक

बीजेपी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, नितिन गडकरी और ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे नाम शामिल हैं।

कांग्रेस की कमान इनके हाथ

बड़ी रैलियां में प्रियंका वाड्रा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सचिन पायलट और राजीव शुक्ल ने मोर्चा संभाले रखा। राजीव शुक्ल न केवल प्रचार में डटे हैं बल्कि चुनावी रैलियों की तैयारियों और कार्यालय प्रबंधन भी देख रहे हैं। हरीश रावत भी एक दो जनसभाओं में ही पहुंचे। अलका लांबा मीडिया विभाग देखने के साथ रैलियों में भी हिस्सा ले रही हैं।

प्रचार की अहम जिम्मेदारी कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री व प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू व विक्रमादित्य सिंह निभा रहे हैं। कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त, तेजेंद्र पाल सिंह बिट्टू, गुरकीरत सिंह कोटली को विधानसभा क्षेत्र वार दायित्व सौंपा है। ये सभी प्रचार में जुटे हुए हैं। विप्लव ठाकुर भी प्रचार कर रही हैं।

सोनिया, राहुल समेत ये अब तक गायब

कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी हिमाचल में प्रचार के लिए नहीं आए। सोनिया गांधी एक सप्ताह शिमला में बेटी प्रियंका वाड्रा के घर ठहरी लेकिन खराब स्वास्थ्य के कारण प्रचार से दूरी बनाए रहीं। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त हैं। भाजपा इसको भी मुद्दा बना रही है कि राहुल गांधी प्रचार के लिए नहीं आ रहे हैं। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास, मोहम्मद अजहरूद्दीन, राज बब्बर, दीपेंद्र हुड्डा, मुकुल वासनिक, आचार्य प्रमोद कृष्णम सहित कई नेता प्रचार करने नहीं पहुंचे।

प्रेस वार्ता करके लौट गए ये नेता

कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल पवन खेड़ा, सुप्रिया श्रीनेत प्रेस वार्ता कर ही लौट गए। कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला भी प्रचार के अंतिम दौर में शिमला में प्रेस वार्ता करने आए। उसके बाद धर्मशाला में प्रचार के लिए गए। आनंद शर्मा चार दिन के हिमाचल दौरे पर आए थे। उन्होंने प्रेसवार्ता के अलावा कुछ जनसभाओं को संबोधित किया।

प्रचार के आखिरी दिन इन दिग्‍गजों ने झोंकी ताकत

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार को शोर आज थम जाएगा। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन राजनीतिक दल व प्रत्‍याशी एढ़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्‍ट्रीय जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति इरानी मतदाताओं को साधेंगी। कांग्रेस की राष्‍ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, सचिन पायलट भी चुनावी जोश भरेंगे। जेपी नड्डा जिला कांगड़ा के फतेहपुर, अमित शाह सुलह में रैली करेंगे। जेपी नड्डा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी शिमला में रोड शो कर भाजपा प्रत्याशी संजय सूद के लिए वोट मांग चुके हैं। हालांकि भाजपा का रोड शो लोअर बाजार में था। कांग्रेस माल रोड पर रोड शो कर रही है।

स्‍मृति इरानी कुल्‍लू व लाहुल में

योगी व स्‍मृति इरानी मंडी, कुल्लू व लाहुल स्पीति जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में वीरवार को भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। स्मृति इरानी कुल्लू जिले के मनाली व लाहुल स्पीति विधानसभा क्षेत्र के केलंग में प्रत्याशी गोविंद सिंह ठाकुर व डा। रामलाल मार्कंडेय के पक्ष में जनसभा करेंगी।

योगी बंजार में भरेंगे हुंकार

योगी आदित्यनाथ कुल्लू जिले के बंजार में भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र शौरी, बल्ह के कंसा चौक में इंद्र सिंह व नाचन के धनोटू में विनोद कुमार के पक्ष में मतदाताओं को साधने का प्रयास करेंगे। युवाओं में योगी को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। बंजार, कंसा चौक व धनोटू की रैली का असर आसपास के विधानसभा क्षेत्रों में साफ देखने को मिलेगा। भाजपा के स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार के अंतिम दिन राम मंदिर, अनुच्छेद 370 व डबल इंजन सरकार के लाभ गिनाने का भरसक प्रयास करेंगे।

प्रियंका शिमला में करेंगी रोड शो

हिमाचल में विधानसभा चुनावों में वीरवार को प्रचार का अंतिम दिन है। इसलिए राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं स्टार प्रचारक प्रियंका वाड्रा प्रचार के अंतिम दिन शिमला में रोड शो करेंगी। दोपहर तीन बजे शिल्ली चौक से रोड शो शुरू होगा। यहां से प्रियंका वाड्रा माल रोड पहुंचेंगी। शेर-ए-पंजाब से होते हुए माल रोड व स्कैंडल प्वाइंट पहुंचेंगी। इसके बाद रिज मैदान होते हुए लक्कड़ बाजार जाएंगी। इस दौरान वह कांग्रेस प्रत्याशी हरीश जनारथा के लिए वोट मांगेंगी। माल रोड के आसपास सुरक्षा का पहरा बढ़ा दिया गया है।

Himachal Election 2022: भाजपा की ताबड़तोड़ रैलियां; कांग्रेस के दिग्गज प्रचार से दूर, क्या डाल दिए हथियार?
Himachal Elections 2022: वादों पर संकल्प भारी! विकास मॉडल से BJP की जीत की तैयारी

Related Stories

No stories found.
logo
Since independence
hindi.sinceindependence.com